Thursday, October 22nd, 2026

 शोपियां से हिजबुल मुजाहिद्दीन के सात आतंकी गिरफ्तार 

 नई दिल्ली  
पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने ट्वीट कर कहा कि आतंकवादी संगठन हिजबुल मुजाहिद्दीन के लिए काम करने वाले सात लोगों को शोपियां पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले से आतंकवादी संगठन हिजबुल मुजाहिद्दीन से जुड़े सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है। 

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार लोगों के पास से आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई है। पुलिस ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और जांच जारी है। पुलिस के बयान के अनुसार शोपियां पुलिस ने नाका जाँच के दौरान सात ओजीडब्ल्यू (ओवर ग्राउंड वर्कर्स) को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके पास से दो हैंड ग्रेनेड, तीन एके मैगजीन और एके के 105 जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। पकड़े गए सभी लोगों ने कबूला है कि वो आतंकवादी संगठन हिजबुल मुजाहिद्दीन से जुड़े हुए हैं। इस संबंध में शोपियां पुलिस स्टेशन में भारतीय शस्त्र अधिनियम, 13, 18, 20, 23, 38 ULA (P) के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच भी जारी है। इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक सात में से तीन आंतकवादियों की पहचान की गई है। जिसमें मिमेंडर के रहने वाले समीउल्लाह फारूक चोपन, दाचीपोरा के रहने वाले हिलाल अहमद वानी और रमीज वानी के रूप में हुई है।

कल भी एक आतंकी को किया गया था गिरफ्तार
सुरक्षा बलों ने जम्मू कश्मीर के डोडा जिले में शुक्रवार को एक घर से एक आतंकवादी को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से हथियार तथा गोला-बारूद जब्त किए। अधिकारियों ने बताया कि सेना, सीआरपीएफ, एसएसबी और जम्मू कश्मीर पुलिस ने बिखेरयान गांव में संयुक्त धरपकड़ और तलाशी अभियान चलाया था। अधिकारियों ने कहा कि अभियान के दौरान फिरदौस अहमद नामक आतंकवादी को गुलाम अहमद नटनू के घर से गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि वहां से तीन चीनी पिस्तौल, दो मैगजीन, 15 राउंड कारतूस और एक साइलेंसर जब्त किया गया।

 

#सात आतंकी गिरफ्तार 

Source : Agency

पाठको की राय